|
मुख्यमंत्री ने दी बराक ओबामा को बधाई|
लखनऊ। मुख्यमंत्री मायावती ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा को बधाई दी है और कहा कि यह नस्लवाद, रंगभेद और गैर बराबरी के खिलाफ वहां की जनता की शानदार जीत है। अमेरिका के इतिहास में पहली बार किसी अश्वेत की जीत ने साबित कर दिया है कि सदियों से पीड़ित लोगों को बहुत दिनों तक उपेक्षित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने उम्मीद जताई है कि ओबामा के कार्यकाल में भारत और अमेरिका के सम्बन्धों में सुधार होगा।
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने भी ओबामा को बधाई दी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि वहां के लोगों ने परिवर्तन के लिए मतदान किया है। भाजपा नेता ने उम्मीद जताई भारत व अमेरिका के बीच सम्बन्धों के नये युग का सूत्रपात होगा तथा विश्व में आर्थिक मंदी का जो दौर चल रहा है उससे निपटने में ओबामा अपने कौशल का परिचय देंगे।
|
|
उत्तर प्रदेश
|
|
|
लुटेरों ने कम्प्यूटर कार्यालय से लूटे दो लाख|
लुधियाना। नगर के पॉश कृष्णा नगर इलाके में चार नकाबपोश हथियारबंद लुटेरों ने बुधवार शाम को बिग बाईड कम्प्यूटर के दफ्तर में 2 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था के दावों की हवा निकाल दी। इतना ही नहीं लुटेरों ने आधा घंटा तक कहर बरपाया और जाते समय लूट की नकदी मौके पर भूल गए। करीब पंद्रह मिनट बाद वह फिर वापिस लौटकर आए, परंतु इस बार लुटेरों ने गोली चलाकर एक युवक को घायल कर दिया। इससे पहले लुटेरों ने दफ्तर में मौजूद उसके मालिक व अन्य कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। बाद में किसी तरह से बंधन मुक्त होकर उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही एसपी डिटेक्टिव गुरप्रीत सिंह तूर, सराभा नगर डीएसपी भूपिंद्र सिंह व सीआईए की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। जिसके बाद शहर के सभी इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई, लेकिन कार सवार लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लग पाए थे। करीब डेढ़ महीने पहले इसी प्रकार नकाबपोश लुटेरों ने हथियारों के बल पर सिविल लाइन इलाके में कम्प्यूटर के कार्यालय में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले को पुलिस अभी तक सुलझा भी नहीं पाई थी कि लुटेरों ने इस वारदात को अंजाम देकर शहर में अपनी मौजूदगी का अहसास पुलिस को करा दिया है।
|
|
पंजाब
|
|
|
राष्ट्रीय महिला आयोग ने 48 घंटे में मांगा जवाब|
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता : महापौर आरती मेहरा के प्रति टिप्पणी करके नगर निगम में विपक्ष के नेता जयकिशन शर्मा ने आफत मोल ले ली है। मीडिया के माध्यम से मंगलवार को माफी मांगने के बावजूद महापौर आरती मेहरा ने उनके खिलाफ बुधवार को राष्ट्रीय महिला आयोग व दिल्ली महिला आयोग में शिकायत कर दी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने विपक्ष के नेता को 'कारण बताओ नोटिस' जारी करते हुए इस संदर्भ में 48 घंटे में जवाब मांगा है तो दिल्ली महिला आयोग ने उन्हें 7 नवंबर की दोपहर तीन बजे तलब किया है। टाउनहॉल की राजनीति में यह उफान महापौर को पिछले सप्ताह 'स्त्री के नाम पर धब्बा' कहने के बाद आया है। टिप्पणी विपक्ष के नेता जयकिशन शर्मा ने की थी।
|
|
दिल्ली
|
|
|
छठ पर्व समाप्त होते ही उमड़ी रेल यात्रियों की भीड़
मुजफ्फरपुर। छठ पर्व समाप्त होते ही परदेश जाने वाले लोगों की भीड़ दूसरे दिन भी ट्रेनों में बढ़ रही। यहां से गुजरने एवं खुलने वाली विभिन्न पैतीस ट्रेनों में लगभग पच्चीस हजार यात्री आज मुम्बई, दिल्ली, अमृतसर, हावड़ा, गुवाहाटी, टाटा, हटिया आदि जगहों के लिए रवाना हुये। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि दस नवम्बर यात्रियों की अपार भीड़ चलेगी। भीड़ बढ़ते ही स्टेशन के सामान्य टिकट घर के आय में लगभग ढ़ाई गुणा इजाफा हो गया है। सामान्य बोगी में जगह लेने के लिए धका-मुक्की और मारा-मारी हुई। एसी बोगी हो या फिर स्लीपर किसी में जगह उपलब्ध नहीं था। पवन, वैशाली, बिहार सम्पर्क क्रांति, शहीद, स्वतंत्रता सेनानी, अवध असम, मिथिला, बाघ, जननायक, टाटा, मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन के सामान्य बोगी की हालायत यह था कि तील रखने की जगह नहीं थी। यहां तक कि सामान्य बोगी में प्रवेश करना मुश्किल बना था। जगह के नहीं मिलने के कारण दर्जनों यात्री सामान्य बोगी में नहीं चढ़ पाये। वहीं कई यात्री तो सामान्य बोगी के बदले स्लीपर कोच में भगवान भरोसे यात्रा करने पर विवश हुये। वहीं कई यात्री जगह के अभाव ट्रेन छोड़कर अपना टिकट वापस किये। प्लेटफार्म पर ट्रेन आने के बाद सीट लेने के लिए अफरा-तफरी की स्थिति मची रही। प्लेटफार्म से लेकर मुसाफिरखाना तक तील रखने की जगह नहीं थी। स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ सुबह पांच बजे दिन से शुरू हुई और रात्रि के साढ़े दस बजे तक बनी रही। सबसे ज्यादा बुरा हाल तो थ्री एवं टू एसी कोच का रहा। दिल्ली जाने वाली आम्रपाली, वैशाली, बिहार सम्पर्क, स्वतंत्रता सेनानी, अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में तो बैठने की जगह तक उपलब्ध नहीं था। तीस से चालीस की संख्या में लोग प्रतीक्षासूची वाले टिकट लेकर कोच में सीट मिलने के लिए चक्कर काट रहे थे। यात्री की संख्या बढ़ते ही आज स्टेशन की आय लगभग अठारह लाख रुपये पर पहुंच गया।
|
|
बिहार
|
|